Asian Swimming Championship 2025: भारत की बेटियां आज हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसा ही कमाल कर दिखाया है पुणे की 7 वर्षीय अवनी यादव ने, जिन्होंने थाईलैंड में आयोजित एशियन स्विमिंग चैंपियनशिप 2025 में 7 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीतकर तिरंगे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया है। छोटी सी उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर अवनी ने साबित कर दिया कि अगर हौसले बुलंद हों, तो उम्र सिर्फ एक नंबर है। उनकी यह उपलब्धि सिर्फ खेल का जश्न नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण की जीती-जागती मिसाल भी है। अवनी यादव की यह जीत गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने बताया कि सपने छोटे-बड़े नहीं होते, हौसले ऊंचे होने चाहिए।
कौन हैं अवनी यादव?
सात साल की अवनी यादव महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली है। उनको तैराकी, ड्राइंग और डांस का शौक हो है। अवनी ने महज चार साल की उम्र में स्विमिंग की शुरुआत की थी। उनके कोच स्वप्निल कुलकर्णी हैं जो कि पूर्व राष्ट्रीय तैराक हैं।
पानी से था प्यार तो बढ़ा तैराकी का शौक
अवनी को बचपन से ही पानी से प्यार था। उनके माता-पिता ने उनकी रुचि को पहचान कर उन्हें स्विमिंग क्लास में भर्ती कराया। कुछ ही महीनों में उन्होंने राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल जीतना शुरू कर दिया और आज वह एशियन लेवल पर भारत का गौरव बन चुकी हैं।
अवनी यादव की उपलब्धियां
अवनी ने बेस्ट स्वीमर ऑफ द चैंपियनशिप अवार्ड जीता है। थाईलैंड में आयोजित एशियन ओपन स्कूल्स स्विमिंग चैंपियनशिप 2025 में 7 गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने अलग-अलग तैराकी श्रेणियों जैसे फ्रीस्टाइल, बटरफ्लाई, बैकस्ट्रोक आदि में मेडल जीता। साथ ही इंडिविजुअल मेडल रेस में कांटे की टक्कर देते हुए एक सिल्वर मेडल जीता। वह भारत की सबसे युवा एथलीट हैं, जिन्होंने एक इंटरनेशनल इवेंट में इतने मेडल जीते। 18 देशों के बीच अवनी ने भारत का परचम लहराया और Most Outstanding Athlete (Girls Foreign Category) का सम्मान भी जीता।