राम की नगरी अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन होने के बाद वहां से कई शहरों के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होगी। जिन शहरों के लिए विमान सेवा शुरू होनी है उसमें संगम नगरी भी शामिल है। महाकुंभ के पूर्व प्रयागराज का अयोध्या से सीधा हवाई संपर्क हो जाएगा। इन दोनों शहरों को जोड़ने के लिए 20 सीट वाले छोटे विमान चलाए जाएंगे। अगले वर्ष लगने वाले माघ मेला के दौरान इसका ट्रायल भी हो सकता है।
अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व पीएम मोदी ने रामनगरी को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सौगात दी है। यहां हवाई अड्डा खुल जाने के बाद अब देश के कई प्रमुख शहरों से उसका सीधा हवाई संपर्क होना है। अयोध्या के लिए प्रयागराज से सीधी फ्लाइट शुरू करने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने विमानन कंपनियों को आमंत्रित भी किया है।
महाकुंभ को देखते हुए कुछ कंपनियों ने सीधी हवाई सेवा शुरू करने के लिए इच्छा भी जताई है। बताया जा रहा है कि अयोध्या में अगले माह आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान प्रयागराज में माघ मेला भी शुरू हो जाएगा। इसी वजह से माघ मेला के दौरान विमानन कंपनियां इन दोनों शहरों को जोड़ने के लिए ट्रायल भी कर सकती है। इन दोनों शहरों के लिए 20 सीट वाले छोटे विमान चलाए जाने की तैयारी है। इसके अलावा चित्रकूट से भी प्रयागराज के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है।