फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान : पीएम मोदी ने कहा - देव से देश, राम से राष्ट्र तक हो हमारी चेतना का विस्तार

Tue, 23 Jan 2024 05:00 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या

सार

पीएम ने कहा, चेतना का विस्तार देव से देश और राम से राष्ट्र तक होना चाहिए। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में मौजूद संतों व समाज के विभिन्न क्षेत्रों की दिग्गज हस्तियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने हनुमान, शबरी, निषादराज व गिलहरी के गुणों के जरिये अर्थ समझाया। 
विज्ञापन
कल रात अपने आवास पर राम ज्योति के समक्ष पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को नए युग की शुरुआत बताते हुए देशवासियों से अपनी चेतना को विस्तार देने का आह्वान किया। पीएम ने कहा, चेतना का विस्तार देव से देश और राम से राष्ट्र तक होना चाहिए। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में मौजूद संतों व समाज के विभिन्न क्षेत्रों की दिग्गज हस्तियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने हनुमान, शबरी, निषादराज व गिलहरी के गुणों के जरिये अर्थ समझाया। 

विज्ञापन


पीएम मोदी ने कहा, हनुमान की राम भक्ति, श्रद्धा व समर्पण के गुण हर भारतीय में हों, ‘राम आएंगे’ का शबरी का अटूट विश्वास हर भारतीय में जागृत हो, निषादराज की राम के प्रति अपनत्व-बंधुत्व की भावना सबमें पैदा हो और गिलहरी के प्रयास की तरह हम सीखें, छोटे-बड़े हर प्रयास की अपनी ताकत होती है। यही भावनाएं और गुण, समर्थ-सक्षम, भव्य-दिव्य भारत का आधार बनेंगी और यही है देव से देश और राम से राष्ट्र की चेतना का विस्तार।

पीएम मोदी ने देशवासियों से इस मौके पर एक हजार साल के भारत की नींव रखने का आह्वान किया। कहा, अयोध्या सवाल कर रही है। श्रीराम का भव्य मंदिर तो बन गया...अब आगे क्या? जो देव, दैवी आत्माएं आशीर्वाद देने आई हैं, उन्हें क्या हम ऐसे ही विदा करेंगे? नहीं, कदापि नहीं। मैं पवित्र मन से महसूस कर रहा हूं कि कालचक्र बदल रहा है। सुखद संयोग है, हमारी पीढ़ी कालजयी पथ के शिल्पकार के रूप में चुनी गई है। हजार वर्ष बाद की पीढ़ी, राष्ट्र निर्माण के हमारे आज के कार्यों को याद करेगी। हमें इस पवित्र समय से, अगले एक हजार साल के भारत की नींव रखनी है। हम देशवासी, इसी पल भव्य-दिव्य भारत के निर्माण की सौगंध लेते हैं।
विज्ञापन


न्याय की लाज रखने के लिए न्यायपालिका का जताया आभार
पीएम ने कहा, त्रेता युग में अयोध्यावासियों का प्रभु श्रीराम से वियोग सिर्फ 14 साल का था, तब भी इतना असह्य था। इस युग में तो अयोध्या और देशवासियों ने सैकड़ों वर्षों का वियोग सहा है। कई पीढ़ियों ने वियोग सहा। मैं आभार व्यक्त करूंगा भारत की न्यायपालिका का, जिसने न्याय की लाज रख ली। न्याय के पर्याय प्रभु राम का मंदिर भी न्यायपूर्ण तरीके से ही बना।

वसुधैव कुटुंबकम के विचार की भी प्रतिष्ठा
पीएम मोदी ने कहा, इस आयोजन से जिस तरह पूरा विश्व जुड़ा हुआ है, उसमें राम की सर्वव्यापकता दिखती है। यह उत्सव रामायण की वैश्विक परंपराओं व वसुधैव कुटुंबकम के विचार की भी प्रतिष्ठा है।मोदी ने कहा, इस ऐतिहासिक दिन देश उन व्यक्तित्वों को याद कर रहा है, जिनके कार्यों व समर्पण से यह शुभ दिन देख रहे हैं। राम के इस काम में कितने ही लोगों ने त्याग व तपस्या की पराकाष्ठा दिखाई है। 

खुद भगवान ने मोदी को पूजा का मौका दिया : देवगौड़ा 
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अयोध्या के राम मंदिर में पूजा करने का अवसर खुद भगवान की तरफ से दिया गया है। जनता दल (सेक्युलर) के नेता देवगौड़ा ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में उन्हें सपत्नीक आमंत्रित करने के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

  • देवगौड़ा ने कहा, आज का दिन ऐतिहासिक है। हमारी राम में अगाध आस्था है, जिन्हें हम मर्यादा पुरुषोत्तम कहते हैं। पीएम मोदी को भगवान ने खुद इस पूजा के लिए चुना है। हर किसी को यह अवसर नहीं मिलता है। उन्हें भगवान शिव और भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त है। विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के इस समारोह में हिस्सा न लेने पर देवगौड़ा ने कहा, मुझे नहीं लगता कि यह फैसला उचित है। 

कांग्रेस के मंत्री विक्रमादित्य भी राम की शरण में
हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेने अयोध्या पहुंचे। उन्होंने यह निर्णय तब किया जबकि कांग्रेस ने इसके लिए भेजा गया न्योता ठुकरा दिया था। राज्य के एक और कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा भी समारोह में शामिल होने अयोध्या पहुंचे।

  • पार्टी लाइन तोड़कर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेने वाले विक्रमादित्य सिंह हिमाचल कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। यूपी सरकार ने विक्रमादित्य को राजकीय अतिथि घोषित किया था। उन्होंने यूपी के पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद से भी मुलाकात की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें