प्रदेश के पर्यटन विभाग ने अयोध्या धाम के लिए शुरू होने वाली हेलीकॉप्टर सेवा को विस्तार दिया है। अब छह जिलों से श्रद्धालु और पर्यटक रामलला के दर्शन के लिए उड़ान भर सकेंगे। इनमें पहले से तय लखनऊ के अलावा गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और मथुरा को भी शामिल कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत लखनऊ से करेंगे। हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाता आपरेटर का चयन कर लिया गया है जो ऑपरेशनल माॅडल पर हेली सर्विसेस की सेवा प्रदान करेगा। गोरखपुर से अयोध्या धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का किराया प्रति श्रद्धालु 11,327 रुपये तय किया गया है।
यह दूरी 126 किमी की होेगी, जिसे 40 मिनट में पूरा किया जाएगा। वाराणसी के नमो घाट से हेलीकॉप्टर का किराया प्रति श्रद्धालु 14,159 रुपये होगा। 160 किमी की यह दूरी 55 मिनट में पूरी होगी। लखनऊ के रमाबाई मैदान से हेलीकॉप्टर के माध्यम से अयोध्या आने के लिए 14,159 रुपये खर्च करने होंगे। यह दूरी 132 किमी की होगी, 45 मिनट में श्रद्धालु यहां पहुंच जाएंगे।
प्रयागराज में पर्यटक गेस्ट हाउस के पास बने हैलीपैड से श्रद्धालु उड़ान भर सकेंगे। यह दूरी 157 किमी की है, इसे 50 मिनट में तय किया जाएगा। इसके लिए प्रति श्रद्धालु किराया 14,159 रुपये तय हुआ है।