डांगी की उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस के भीतर नाराजगी को देखते हुए भाजपा ने दांव लगा दिया है। अपने विधायकों की संख्या के आधार पर भाजपा की एक सीट पक्की है। भाजपा ने पहले राजेंद्र गहलोत को उम्मीदवार बनाया था लेकिन बाद में दूसरे उम्मीदवार के रूप में ओंकार सिंह लखावत को मैदान में उतार कर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दो महासचिव मुकुल वासनिक और हरीश रावत को राजस्थान में ही रोक रखा है। वासनिक और रावत न सिर्फ दूसरे राज्यों से आए विधायकों की निगरानी में साथ-साथ हैं बल्कि राज्य में भी कांग्रेस नेताओं के बीच समन्वय बना रहे। भाजपा के दो उम्मीदवारों के दांव से निपटने के लिए दोनों नेता कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत के लिए रणनीति बना रहे हैं।
राजस्थान में भाजपा के दो उम्मीदवारों को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता अजय माकन का कहना है कि भाजपा मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है। हमारे विधायक पूरी तरह से तैयार हैं। कांग्रेस के उम्मीदवारों को पूरे वोट मिलेंगे। भाजपा अपने विधायकों को संभाले कहीं उनके इधर-उधर न हो जाएं।