केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार को दिल्ली से जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शेखावत का फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव पर रोक दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर भी हमला बोला।
शेखावत ने कहा कि मुझे राजस्थान में सब जगह जाने का मौका मिलता है। मैं जिम्मेदारी के साथ में कह रहा हूं कि इस बार ऐतिहासिक परिणाम आएंगे और राजस्थान में जिस बहुमत के साथ कमल खिलेगा, हम उसकी कल्पना भी शायद नहीं करते।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने छात्र संघ चुनाव को निरस्त करने को लेकर कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं यह मानता हूं कि छात्र राजनीति राष्ट्रीय राजनीति के पौधशाला होती है। छात्र राजनीतिक लोकतांत्रिक अधिकार है। छात्र संघ चुनाव होने चाहिए। छात्रसंघ चुनाव को विषयों का हवाला देकर रोकना ना तो प्रासंगिक है और ना ही उचित है। चुनाव को मेरा पुरजोर समर्थन है। इस विषय को लेकर युवाओं के साथ हूं।
राज्य की कानून व्यवस्था पर तंज करते हुए शेखावत ने कहा कि राजस्थान में 17 दुष्कर्म प्रतिदिन हो रहे हैं। हजारों की संख्या में मर्डर हो रहे हैं। लूटपाट, माफियाराज और थानों से अपराधी बंदूक के दम पर छुड़ाए जा रहे हैं। थानों के बाहर पुलिस का स्लोगन लिखा होता है ' अपराधियों में डर और आमजन में विश्वास', लेकिन सरकार की उदासीनता के चलते राजस्थान में हालात ऐसे हैं कि अपराधी बेखौफ हैं और आमजन डरा हुआ है। हर ऐसी मां जिसकी बेटी स्कूल जाती है, कॉलेज जाती है, काम के सिलसिले में बाहर जाती है, ट्रेनिंग के लिए जाती है, जब तक घर नहीं आ जाती, तब उसकी जान सांसत में रहती है।