असली चेन लेकर नकली रखी, स्कूटर से फरार हुई आरोपी महिला
- फोटो : सीसीटीवी फुटेज का स्क्रीनग्रैब
उदयपुर शहर के भूपालवाड़ी क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर महिला द्वारा चेन बदलकर चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंची और सोने की चेन देखने के बहाने असली चेन के बॉक्स में नकली चेन रखकर मौके से फरार हो गई। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची महिला
जानकारी के अनुसार, कंचन आभूषण नामक दुकान पर एक महिला ग्राहक के रूप में पहुंची और दुकानदार से सोने की चेन दिखाने को कहा। इसी दौरान दुकान पर एक अन्य ग्राहक आ गया, जिससे दुकानदार कुछ देर के लिए दूसरी ओर व्यस्त हो गया। इसी समय महिला ने कथित तौर पर चेन बदल दी।
शक होने पर सामने आया मामला
कुछ देर बाद जब दुकानदार चेन को वापस रखने लगा, तो उसे संदेह हुआ। चेन हाथ में लेने पर पता चला कि वह नकली और पुरानी है। इसके बाद दुकानदार तुरंत दुकान से बाहर निकला और महिला को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह तेजी से आगे बढ़कर एक स्कूटर पर बैठकर फरार हो चुकी थी।
पीछा किया, लेकिन नहीं मिला सुराग
दुकानदार ने करीब 100 कदम लौटकर अपनी बाइक उठाई और महिला का पीछा किया। वह देहलीगेट चौराहे तक पहुंचा, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लग सका। स्कूटर कौन चला रहा था, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। दुकानदार के अनुसार महिला करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन लेकर गई है।