खाटूश्यामजी मंदिर में चोरी करते चोर
- फोटो : अमर उजाला
उदयपुर के फतेहनगर स्थित खाटूश्यामजी मंदिर में हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
चित्तौड़गढ़ पुलिस की जांच में हुआ बड़ा खुलासा
चित्तौड़गढ़ पुलिस ने अप्रैल माह में मंदिरों में हुई सिलसिलेवार चोरियों का खुलासा करते हुए उदयपुर जिले के फतेहनगर क्षेत्र स्थित खाटूश्यामजी मंदिर चोरी कांड का भी पर्दाफाश किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चित्तौड़गढ़ में गिरफ्तार किए गए आरोपियों का संबंध उदयपुर के इस चर्चित चोरी मामले से भी है।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म
मनीषा त्रिपाठी ने बताया कि 16 और 17 अप्रैल की रात चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित मल्लीनाथ जैन मंदिर में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान खाटूश्यामजी मंदिर चोरी का खुलासा हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में फतेहनगर स्थित मंदिर में चोरी करना कबूल किया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, पांच फरार
पुलिस ने निम्बाहेड़ा के पेमदियों का खेड़ा निवासी मिठूलाल नायक (40) और राशमी के पहुना निवासी कान्हा उर्फ कन्हैया नायक (29) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
इन आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार इस वारदात में घनश्याम सालवी, देवीलाल रावत, राजू उर्फ राजमल कामड़, काजल उर्फ मनीषा और नारायण नायक भी शामिल थे। फिलहाल सभी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें:
जयपुर मेट्रो फेज-2 को मिली रफ्तार, 41 किलोमीटर लंबी नई मेट्रो लाइन से बदलेगा ट्रांसपोर्ट सिस्टम
CCTV में कैद हुई थी चोरी की वारदात
आपको अवगत करा दें कि 8 मार्च की रात फतेहनगर थाना क्षेत्र के मावली रोड स्थित लदाना गांव के खाटूश्यामजी मंदिर का ताला तोड़कर बदमाश दानपात्र में रखी लाखों रुपए की नकदी चोरी कर ले गए थे। मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में आरोपी दानपात्र तोड़कर नकदी को बोरे में भरते हुए साफ दिखाई दिए थे। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश था और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।