फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जन्माष्टमी पर श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन व्यवस्था बदली: 2 दिन पास रहेंगे बंद; नाथद्वारा में वन-वे ट्रैफिक

Thu, 03 Sep 2026 12:18 PM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

सार

नाथद्वारा के श्रीनाथजी मंदिर में जन्माष्टमी और नंदोत्सव को देखते हुए 4 और 5 सितंबर को दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। दोनों दिन सामान्य दर्शन पास, मनोरथ पास और सभी प्रकार के प्रोटोकॉल पास जारी नहीं होंगे और क्यूआर कोड मशीनें भी बंद रहेंगी।
विज्ञापन
श्रीनाथ जी मंदिर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और नंदोत्सव को लेकर श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। 4 सितंबर को जन्माष्टमी और 5 सितंबर को नंदोत्सव के दिन मंदिर में सामान्य दर्शन पास, मनोरथ पास और सभी तरह के प्रोटोकॉल पास जारी नहीं किए जाएंगे। इन दोनों दिनों में क्यूआर कोड मशीनें भी बंद रहेंगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। वहीं, नाथद्वारा शहर में जन्माष्टमी और नंदोत्सव के दौरान वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।

जन्माष्टमी पर सुबह 4.45 बजे से होंगे दर्शन

4 सितंबर को जन्माष्टमी के दिन श्रीनाथजी के दर्शन सुबह 4.45 बजे मंगला (पंचामृत) दर्शन से शुरू होंगे। इसके बाद सुबह 9.30 बजे श्रृंगार दर्शन, दोपहर 12.30 बजे राजभोग, शाम 7.30 बजे भोग आरती और रात 9.30 बजे जागरण दर्शन होंगे।

विज्ञापन

वहीं, 5 सितंबर को नंदोत्सव के अवसर पर सुबह 7.30 बजे से 11 बजे तक केसरयुक्त दही-छाछ छिड़काव के दर्शन होंगे। इसके बाद दोपहर 2.15 बजे राजभोग, शाम 7 बजे उत्थापन और रात 9 बजे भोग-आरती के दर्शन होंगे।

महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग

श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर में महिलाओं और पुरुषों के प्रवेश के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। महिलाओं का प्रवेश चौपाटी मंदिर मार्ग से प्रतापमाली गेट और पुरुषों का प्रवेश चौपाटी मार्ग से नक्कारखाना गेट से होगा। सभी श्रद्धालुओं की निकासी मोतीमहल की ओर से कराई जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की भीड़ को एक ही दिशा में व्यवस्थित और नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाना है, ताकि दर्शन के दौरान अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।

इन जगहों पर होगी पार्किंग

नाथद्वारा शहर में श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। चार पहिया और अन्य वाहनों के लिए 120 फीट रोड, मोतीमहल परिसर, हायर सेकेंडरी स्कूल और मॉडर्न स्कूल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहीं, दोपहिया वाहनों के लिए बालासीनोर भूखंड और खतल गली स्कूल परिसर में पार्किंग तय की गई है।

शोभायात्रा से पहले दोपहिया वाहनों की एंट्री बंद

शाम को शोभायात्रा निकलने से पहले मंदिर परिक्रमा क्षेत्र में दोपहिया वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसके साथ ही नगरपालिका को सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो।

शहर में लागू रहेगी वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था

जन्माष्टमी और नंदोत्सव के दौरान नाथद्वारा शहर में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से निर्धारित प्रवेश, निकासी और पार्किंग मार्गों का ही इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
मंदिर प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और भीड़ के बीच निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है, ताकि दोनों पर्वों के दौरान दर्शन और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें