चित्तौड़गढ़ के निकट ओछड़ी में पकड़ाया यूरिया खाद का अवैध भंडारण
चित्तौड़गढ़ में एक तरफ फसल बुवाई के दौरान किसानों को यूरिया खाद के कट्टे नहीं मिल रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ यहां यूरिया का अवैध भंडारण किया जा रहा था। ये जगह जिला मुख्यालय के निकट ओछड़ी में थी।
जिला कलक्टर एवं सदर थाना, चित्तौड़गढ़ को प्राप्त सूचना के आधार पर ओछड़ी स्थित एक गोदाम में यूरिया के अवैध संग्रहण की जांच के लिए टीम को भेजा गया। इस दौरान टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) जिला परिषद चित्तौड़गढ़ के निर्देश पर उर्वरक निरीक्षकों की टीम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया। यह टीम गोदाम की जांच के लिए मौके पर पहुंची। यहां जांच में गोदाम का स्वामित्व सत्यनारायण जागेटिया के पास मिला। इसे हरीश मीणा निवासी जलिया तहसील निम्बाहेड़ा को किराए पर दिया गया था। टीम के छापा के दौरान हरीश मीणा से यूरिया संग्रहण के संबंध में अनुज्ञापत्र, क्रय बिल और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। लेकिन उसके द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। साथ ही संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया गया।
इसके बाद उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के उल्लंघन के तहत कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने 1980 कट्टे यूरिया की जब्त किए। गोदाम में जब्त यूरिया के नमूने लेकर उन्हें राजकीय अधिसूचित उर्वरक परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। इस मामले में सदर थाना चित्तौड़गढ़ में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इस संयुक्त कार्रवाई में संयुक्त निदेशक कृषि दिनेश कुमार जागा, कृषि अधिकारी अंशु चौधरी, ज्योति प्रकाश सिरोया (पीपी), गोपाल लाल धाकड़ (सामान्य), डॉ. शिवांगी जोशी (फसल), कृषि पर्यवेक्षक महेंद्र कुमार यादव और सदर थाना पुलिस उप निरीक्षक हिम्मत सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।