कांग्रेस जिलाध्यक्ष सऊद सईदी का जोरदार स्वागत
- फोटो : अमर उजाला
टोंक में लगभग 45 साल बाद कांग्रेस ने मुस्लिम समाज से जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। हाल ही में हुए जिलाध्यक्ष चुनाव के बाद मुस्लिम समाज के नेताओं द्वारा जताए गए विरोध और असंतोष के चलते पार्टी आलाकमान ने संगठनात्मक समीकरणों को संतुलित करते हुए यह निर्णय लिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य सऊद सईदी को आधिकारिक रूप से जिला अध्यक्ष घोषित किया गया है।
घोषणा के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं का जुटान
सऊद सईदी की नियुक्ति की घोषणा होते ही सुबह से ही उनके आवास पर नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया। जगह-जगह आतिशबाजी हुई और कार्यकर्ताओं ने मालाएं पहनाकर तथा साफा बांधकर नए जिलाध्यक्ष का स्वागत किया। पूर्व जिलाध्यक्ष हरीप्रसाद बैरवा स्वयं भी अपने समर्थकों के साथ सईदी के आवास पहुंचे और उन्हें बधाई दी।
सईदी ने आलाकमान और सचिन पायलट के प्रति जताया आभार
मीडिया से बातचीत में सऊद सईदी ने कहा कि कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर समाज के लोगों की यह मांग लंबे समय से उठ रही थी कि जिलाध्यक्ष मुस्लिम समाज से होना चाहिए। सईदी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और टोंक विधायक सचिन पायलट की प्रशंसा करते हुए कहा कि आने वाले नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों को ध्यान में रखते हुए वे कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष में रहते हुए जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Udaipur Royal Wedding: झीलों के बीच हुई अमेरिकी अरबपति की बेटी की शाही शादी, अब जेनिफर लोपेज करेंगी परफॉर्म
कांग्रेसी नेताओं ने फैसले को बताया संतुलित और स्वागतयोग्य
पूर्व जिलाध्यक्ष हरीप्रसाद बैरवा ने कहा कि भले ही सऊद सईदी मुस्लिम समाज से आते हैं, लेकिन वे हमेशा सभी वर्गों और समाज को साथ लेकर चलने वाले नेता हैं। वहीं सरपंच संघ प्रदेश उपाध्यक्ष हंसराज फागणा ने इस निर्णय को सराहनीय बताते हुए सचिन पायलट के नेतृत्व की तारीफ की और कहा कि यह कदम संगठन को नए सिरे से मजबूती देगा।