15 हजार की इनामी काली उर्फ संतरो गिरफ्तार
- फोटो : Amar Ujala
हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मां ब्रह्माणी माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने गिरोह की सरगना महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान काली उर्फ संतरो, निवासी पड़तल, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई है। वह लंबे समय से फरार चल रही थी और उस पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
मंदिर से चोरी किया था कीमती सामान
पुलिस के अनुसार 20 अक्टूबर 2025 की रात पल्लू स्थित मां ब्रह्माणी माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया और मंदिर से कीमती सामान चोरी कर लिया। चोर करीब आठ किलोग्राम चांदी की मूर्तियां, काली माता का मुकुट, छत्र और अन्य आभूषण लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद मंदिर के पुजारी की रिपोर्ट पर पल्लू थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं गिरोह के सदस्य
जांच के दौरान पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जिनमें राजस्थान और हरियाणा के अलग-अलग क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। एक बाल अपचारी को भी डिटेन कर बाल सुधार गृह भेजा गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार महिला काली उर्फ संतरो ही पूरे गिरोह का संचालन कर रही थी और मंदिरों में चोरी की घटनाओं की मुख्य साजिशकर्ता थी।
ये भी पढ़ें-
बांसवाड़ा में युवक की हत्या के बाद भड़की हिंसा, 10 से 12 घर जले; गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव
जल्द पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों तथा अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।