राजस्थान के पाली में बड़ा हादसा हो गया। बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस ट्रेन के दो डिब्बे पलट गए, जबकि 8 डिब्बे पटरी से उतर गए। कुल 11 डिब्बे पटरी से उतरे हैं। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव स्थिति की जानकारी लेने के लिए सोमवार की शाम मारवाड़ जंक्शन पहुंचेंगे।
बता दें कि सोमवार 3.27 बजे जोधपुर मंडल के राजकियावास-बोमदरा सेक्शन के बीच सूर्यनगरी एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए। उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि इसमें किसी जनहानि की सूचना नहीं है। रेलवे ने जोधपुर से एक दुर्घटना राहत ट्रेन भेजी है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार हादसे में करीब 15-20 लोगों के घायल होने की सूचना है।
रेलवे के अनुसार रेल मंत्री के आने से पहले DRM रेल और GM रेल दुर्घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। तेजी से रेल मार्ग को दुरुस्त करने और फिर से रेल आवागमन को शुरू कराना ही रेलवे की प्राथमिकता है। जिसके लिए एक बड़ी टीम मौके पर काम कर रही है। बताया जा रहा है कि रेलमंत्री घायलों से भी मिलने जा सकते हैं।
रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव कर रहे मॉनिटरिंग
रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव इस घटना की मॉनिटरिंग सुबह 4 बजे से लगातार कर रहे हैं। रेल मंत्री ने उत्तर पश्चिम रेलवे के आला अधिकारियों से घटना की तुरंत बाद जानकारी ली और दिशा-निर्देश दिए। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक विजय शर्मा और प्रधान कार्यालय के अन्य उच्च अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। जोधपुर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक गीतिका पांडे घटनास्थल पर पहुंची।
घायलों को मिलेगा एक-एक लाख का मुआवजा
बांद्रा-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस ट्रेन हादसे के घायलों को रेल मंत्रालय की ओर से आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट संदेश के जरिए ये जानकारी दी। हादसे में गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपए और मामूली रूप से चोटिल को 25-25 हजार रूपए मुआवजा दिया जाएगा।
यात्री ने बताया क्या हुआ
बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस के S3 से S5 तक के डिब्बे पलटे हैं। एक यात्री ने बताया कि मारवाड़ जंक्शन से रवाना होने के पांच मिनट के भीतर ट्रेन के अंदर कंपन की आवाज सुनाई दी और 2-3 मिनट के बाद ट्रेन रुक गई। हम नीचे उतरे और देखा कि कम से कम 8 स्लीपर क्लास के डिब्बे पटरी से उतरे हुए थे। 15-20 के भीतर मिनट एंबुलेंस आ गई। राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल भेजा गया।