पूर्व पार्षद के घर से डेढ़ लाख की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
सिरोही जिले के आबूरोड रीको पुलिस थाना अंतर्गत सांतपुर गांव की ब्रह्मपुरी कॉलोनी में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक तीन मकानों में चोरी का प्रयास किया। इस दौरान कॉलोनी में निवासरत नगरपालिका के पूर्व पार्षद योगेश सिंघल के मकान में चोरी सफल रही। चोर रसोई की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे और डेढ़ लाख रुपए नकद, चांदी के सिक्के तथा अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पूर्व पार्षद योगेश सिंघल ने बताया कि वे अपने परिवार के सदस्यों के साथ रात में सो रहे थे। सुबह उठने पर देखा कि उनके मकान की रसोई की खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी और हॉल में रखे बैग में नकदी, चांदी के सिक्के तथा अन्य सामान गायब था। मकान में रखे सामान इधर-उधर बिखरे हुए थे। सिंघल ने बताया कि चोरी का सिलसिला देर रात करीब 1:32 बजे शुरू हुआ, जब अज्ञात चोर सबसे पहले उनके मकान के सामने स्थित मकान में घुसे। वहां परिवार जाग जाने के कारण वे खाली हाथ लौट गए। इसके बाद 1:40 बजे चोर उनके मकान में घुसे और हॉल में रखी नकदी और सामान चुरा ले गए। इसके बाद चोर समीप स्थित तीसरे मकान में भी गए, लेकिन वहां से भी खाली हाथ लौट गए।
तीन मकानों में एक ही रात में चोरी के प्रयास से कॉलोनीवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि बीती रात ये अज्ञात लोग रात 10 बजे से विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध हालत में घूमते नजर आए थे। कॉलोनी में पहले भी कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। कॉलोनीवासियों ने बार-बार पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन ध्यान नहीं दिए जाने से चोरियों की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।