सिरोही जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आबूरोड रीको पुलिस ने गुजरात ले जाई जा रही पंजाब निर्मित शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। चावल के कट्टों की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही इस शराब की बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में जांच शुरू कर दी है।
नाकाबंदी के दौरान हुआ खुलासा
आबूरोड रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चंपावत के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मावल चौकी पर गुजरात की ओर जाने वाले वाहनों की नाकाबंदी कर जांच की जा रही थी। इसी दौरान जोधपुर पासिंग एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में भरे चावल के कट्टों के बीच पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के विभिन्न ब्रांडों के 750 कार्टन छिपाकर रखे गए पाए गए।
शराब और ट्रक जब्त, दो आरोपी पकड़े गए
पुलिस ने मौके पर ही शराब से भरे कार्टन और ट्रक को जब्त कर लिया। इस मामले में विष्णु की ढाणी, कापरड़ा, पुलिस थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर निवासी अशोक पुत्र पोखरराम विश्नोई तथा सियाको की ढाणी, गुड़ा विश्नोईयान, पुलिस थाना विवेक विहार, जिला जोधपुर निवासी हरदेव पुत्र पूनाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में आबूरोड रीको पुलिस थाना के सहायक उपनिरीक्षक प्रमोदकुमार, विक्रम कुमार, कांस्टेबल भवानीसिंह, प्रवीणसिंह, गोपाल और मालदेव शामिल रहे। पुलिस टीम की सतर्कता से शराब की यह खेप गुजरात सीमा में प्रवेश करने से पहले ही पकड़ ली गई।
यह भी पढ़ें- Dausa News: पिता की डांट से घर छोड़ पहाड़ी की ओर गया बालक, तेंदुआ देख झाड़ियों में छिपा; घंटों बाद मिला बेसुध
आपूर्ति नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के अनुसार अब यह जांच की जा रही है कि शराब पंजाब में कहां से लाई गई थी और इसे गुजरात में किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। शराब की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
पिछले चार माह की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बीते चार महीनों में हरियाणा, पंजाब और राजस्थान निर्मित शराब से भरे नौ ट्रक और तीन छोटे वाहन जब्त किए जा चुके हैं। अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है।