तीर्थ यात्रा के लिए लाॅटरी प्रक्रिया का आयोजन
- फोटो : अमर उजाला
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2024 की लाॅटरी प्रक्रिया का आयोजन सोमवार को डीओआईटी सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री केके विश्नोई तथा प्रभारी सचिव पूनम भी वीसी के माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री केके विश्नोई ने यात्रा के लिए जिले के चयनित वरिष्ठ नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान वर्ष 2022 के आवेदन पत्र एवं वर्ष 2024 में नए प्राप्त आवेदन पत्रों को सम्मिलित करते हुए वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2024 की लाॅटरी प्रक्रिया की गई।
जिसमें जिला सिरोही के लिए हवाई यात्रा के लिए 90 तथा रेल यात्रा के लिए 452 यात्रियों का कोटा निर्धारित किया गया है। हवाई यात्रा पशुपतिनाथ (काठमांडु) तथा रेल यात्रा रामेश्वरम-मदुरेई, जगन्नाथपूरी, तिरूपति, द्वारिकापुरी-सोमनाथ, वैष्णोदेवी-अमृतसर, प्रयागराज-वाराणसी, मथुरा-वृंदावन-बरसाना, सम्मेदशीखर-पावापुरी-वेधनाथ, उज्जैन-औंकारेश्वर-त्रयम्बकेश्वर (नासिक), गंगासागर-कोलकत्ता, कामाख्या-गुवाहाटी, हरिद्वार-ऋषिकेष-अयोध्या, मथुरा-अयोध्या, बिहार शरीफ, वेलनकानी चर्च-तमिलनाडु (कुल 15) के लिए होगी। कुल आवेदन 995 तथा कुल यात्री 1681 है। इस दौरान जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डाॅ. दिनेशराय सापेला, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाशचंद अग्रवाल, तहसीलदार देशलाराम परिहार, देवस्थान विभाग के निरीक्षक दीपक दवे एवं विजय कुमार मौजूद रहे।
वरिष्ठजनों के लिए वरदान साबित हो रही है योजना
राज्य सरकार की ओर से शुरू की गई यह निशुल्क: तीर्थ यात्रा योजना उन वरिष्ठजनों के लिए जो पूर्व में आर्थिक परेशानी की वजह से तीर्थ यात्रा पर नहीं जा पाते थे। सरकार उन्हें आने जाने एवं रहने के साथ ही सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवा रही है। ऐसे में योजना उनके लिए वरदान साबित हो रही है। ऐसे लोग इस योजना में आवेदन कर धार्मिक यात्रा का लाभ ले पा रहे है।