सिरोही के आबूरोड में नगरपालिका चेयरमैन भावना अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार अपराह्न तीन बजे बोर्ड की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेसी पार्षदों ने संविदा कर्मचारी की नियुक्ति सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ खुलकर रोष जताया। इस दौरान नगरपालिका चेयरमैन द्वारा मीडियाकर्मियों को बाहर निकालने के बाद माहौल और गर्मा गया। इसका कांग्रेसी पार्षदों ने भी विरोध किया। सभी कांग्रेसी पार्षद बैठक से उठकर बाहर आ गए और नगरपालिका कार्यालय के बाहर धरना देना शुरू कर दिया।
नवनिर्वाचित नगरपालिका बोर्ड की पहली ही बैठक शुरू होते ही हंगामा हो गया। इस दौरान कांग्रेसी पार्षदों ने संविदा कर्मचारी परेश माली की नियुक्ति के मामले में प्रशासन पर विभिन्न प्रकार के गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान एक बारगी हंगामे की स्थिति बन गई। बैठक में मीडियाकर्मी भी कवरेज कर रहे थे। नगरपालिका चेयरमैन भावना अग्रवाल ने मीडियाकर्मियों से कहा कि उन्हें पार्षदों से बात करनी है, इसलिए वे बाहर चले जाएं। इससे मीडियाकर्मियों में रोष व्याप्त हो गया। इसके बाद सभी मीडियाकर्मी बाहर आ गए।
कांग्रेसी पार्षदों ने धरना प्रदर्शन कर माफी मांगने की मांग की
इसके बाद मीडियाकर्मियों के अपमान का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने नगरपालिका कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगरपालिका की पहली बैठक में पार्षद सुमित जोशी, भवनीश बारोट, दिनेश मेघवाल, सुनील अग्रवाल, सुरेश बारोट एवं जय कुमार आदि ने नगरपालिका में भ्रष्टाचार, परेश माली की कथित फर्जी नियुक्ति, प्लेसमेंट एजेंसी को कथित अवैध भुगतान, आवारा कुत्तों एवं पशुओं के आतंक तथा 9 लाख 90 हजार रुपये के भुगतानों को लेकर आवाज उठाई।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पार्षदों ने पंपलेट लहराकर विरोध किया, जिसके बाद नगरपालिका अध्यक्ष ने कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों को मीटिंग हॉल से बाहर जाने के लिए कहा। इस पर कांग्रेस ने विरोध जताया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य अमित जोशी, भवनीश बारोट, सुरेश बंजारा, दिनेश मेघवाल, सुमित जोशी आदि ने नगरपालिका के बाहर मीडिया के पक्ष में और नगरपालिका अध्यक्ष के विरोध में नारेबाजी की। उन्होंने धरना देते हुए नगरपालिका अध्यक्ष से मीडियाकर्मियों से माफी मांगने की मांग की।
नगरपालिका के बाहर सड़क पर करीब एक घंटे तक चले धरने में नगरपालिका पार्षद नरगिस कायमखानी, शोभा जोशी, लता शाक्य, आरती बंजारा, आशा बंजारा, सुरेश बंजारा, भवनीश बारोट, दिनेश मेघवाल, जयकुमार एवं पूर्व पार्षद जीतू बंजारा मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- राजस्थान में न्याय की अनोखी तस्वीर: 96 वर्षीय वृद्धा के लिए पहली मंजिल से नीचे आए जिला जज, खुद सौंपा चेक
व्यवस्था बनाए रखने के लिए मीडियाकर्मियों को बाहर जाने के लिए कहा था
इस मामले में नगरपालिका चेयरमैन भावना अग्रवाल का कहना था कि कांग्रेसी पार्षदों के शोर के बीच कुछ भी सुनाई नहीं दे रहा था। इस दौरान कुछ मीडियाकर्मी उनके आसन तक आ गए थे, जिससे व्यवधान हो रहा था। इसलिए उन्हें बाहर जाने के लिए कहा गया था। मीडियाकर्मियों के बैठने के लिए बाकायदा जगह निर्धारित है और उन्हें वहीं से कवरेज करना चाहिए था।