सिरोही जिले के वेराफली में खेत में काम कर रहे दो किसानों पर भालू ने किया हमला
- फोटो : Amar Ujala
सिरोही जिले के देलदर क्षेत्र की निचलागढ़ ग्राम पंचायत के वेराफली में एक भालू ने दो किसानों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद परिजन और आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को आबूरोड उपजिला अस्पताल लेकर गए। यहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अग्रिम इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पहले खेत में काम कर रहे किसान पर किया हमला
यह घटना आबूरोड के समीप भाखर अंचल स्थित निचलागढ़ ग्राम पंचायत के वेराफली की है। यहां भेरा पुत्र रूपा गरासिया (75) अपने मक्के के खेत में रोजमर्रा की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वहां एक हिंसक भालू आ गया। इससे पहले कि भेरा कुछ समझ पाते, भालू ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान भालू ने अपने पंजों के बल खड़े होकर भेरा के सिर, हाथ, मुंह और आंखों के आसपास नाखूनों से कई वार किए। सिर पर नाखून लगने से गहरे घाव हो गए और वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देखकर भालू वहां से भागकर दूसरे खेत में घुस गया।
दूसरे खेत में किसान पर भी किया हमला
दूसरे खेत में पहुंचने के बाद भालू ने मक्के की फसल में काम कर रहे किसान गमा (40) पुत्र सोमा गरासिया पर भी हमला कर दिया। भालू के हमले में गमा भी लहूलुहान होकर गिर गए। भालू ने उनके शरीर पर भी जगह-जगह नाखूनों से वार किए। इसके बाद वह जंगल की ओर भाग गया।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान डिप्टी मेयर चुनाव आज: मेयर के बाद अब किसका चलेगा नंबर गेम? अजमेर-पाली से भरतपुर तक निर्दलीय अहम
प्राथमिक उपचार के बाद किया रेफर
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग दोनों घायलों को आबूरोड उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे। रविवार शाम परिजन दोनों घायलों को अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अग्रिम इलाज के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है और उनके स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है। आबादी क्षेत्रों में वन्यजीवों के आने की ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसके चलते ग्रामीण और आसपास के लोग भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं।