राजस्थान के सीकर में हनीट्रैप के जरिए जयपुर के एक होटल कारोबारी को बुलाकर लूटपाट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। उद्योग नगर थाना पुलिस ने इस मामले में चूरू निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने कारोबारी को पहले चंडीगढ़ में मिलने के लिए बुलाया और फिर सीकर के एक फ्लैट में बुलाकर बंधक बना लिया। वहां पिस्टल दिखाकर मारपीट की और सोने के आभूषण, मोबाइल फोन व नकदी लूट ली। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक युवती और अन्य लोगों के साथ मिलकर गिरोह बना रखा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चूरू निवासी निरंजन उर्फ निंजू (21) पुत्र विनोद जाट और निखिल (20) पुत्र सुरेश जाट के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को बापर्दा गिरफ्तार किया है।
चंडीगढ़ बुलाया, फिर सीकर के फ्लैट में बुलाकर की लूटपाट
पुलिस के अनुसार, संजना कल्याण नाम की युवती ने कारोबारी को पहले चंडीगढ़ मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद 17 अक्टूबर को उसे सीकर स्थित एक निजी रेजीडेंसी के बी-ब्लॉक में फ्लैट नंबर 201 पर बुलाया गया। कारोबारी के फ्लैट में पहुंचने के करीब 10 से 15 मिनट बाद वहां आठ से 10 युवक आ गए। आरोपियों ने युवती को फ्लैट से बाहर भेज दिया। इसके बाद आरोपियों ने कारोबारी के साथ मारपीट की और उसकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर लूटपाट की। आरोपी उसकी सोने की चेन, अंगूठी, कड़ा, मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पीड़ित कारोबारी ने 18 अक्टूबर को उद्योग नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल रिकॉर्ड से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच थानाधिकारी राजेश कुमार बुडानिया के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने की। टीम ने सीकर शहर और रेजीडेंसी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा पीड़ित के मोबाइल फोन और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी और निरंजन उर्फ निंजू व निखिल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरोह का सरगना पहले भी हनीट्रैप मामले में हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का सरगना वर्ष 2022 में भी हनीट्रैप के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका और वारदात से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।