सीकर जिले के एक सरकारी गर्ल्स कॉलेज में काले शीशों के पीछे काली करतूत सामने आई है। आरोप है कि कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर ने प्रैक्टिकल देने आई एक छात्रा पर नीयत खराब ली। उसने छात्रा को गलत जगह से छूते हुए गंदी हरकत करने की कोशिश की।
सूचना पर छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के बाहर हंगामा खड़ा कर दिया। नारे लगाते हुए उन्होंने प्रोफेसर को निलंबित करने के साथ कॉलेज गेट पर लगे काले शीशे हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था, गर्ल्स कॉलेज में काले शीशों के पीछे काले कारनामे किए जा रहे हैं। मामले में छात्रा ने सोमवार रात एसपी से मिलकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रिकॉर्ड जमा होने पर भी बुलाया, फिर की गंदी हरकत
छात्रा ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया, वह गर्ल्स कॉलेज की छात्रा है। प्रायोगिक परीक्षा के लिए जूलोजी के रिकॉर्ड जमा होने पर भी उसे कॉलेज बुला लिया गया था। जहां वह रिकॉर्ड के सिलसिले में नंबर 53 में गई तो वहां मौजूद असिस्टेंट प्रोफेसर ने रिकार्ड ढूंढने के बहाने उसे कई बार गलत जगहों से छूकर गंदी हरकतें की, जिससे वह घबरा गई।
छात्रा के मुताबिक, उसने इसकी शिकायत विभागाध्यक्ष से की तो उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर भेज दिया। प्राचार्य को बताने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। छात्रा का आरोप है, इस तरह की शिकायत करने पर डरा-धमकाकर घर भेज दिया जाता है।
इधर, छात्रा से छेड़छाड़ की जानकारी पर छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कॉलेज पहुंचकर बवाल कर दिया। शाम तक कार्यकर्ता घटना को लेकर विरोध जताते रहे। आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई और गेट से काले शीशे हटाने की मांग की। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश कर मामला शांत कराया। इसके बाद छात्रा ने एसपी को घटना की शिकायत दी।