मिनी ट्रक में जा घुसी कार, तीन की मौत
- फोटो : अमर उजाला
जिले में उदयपुर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा अंबेरी पुलिया के पास रात करीब सवा दस बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे मिनी ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सुखेर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार लोग उदयपुर के देबारी क्षेत्र से चित्तौड़गढ़ की ओर टर्न लेना चाहते थे, लेकिन रास्ता भटककर पिंडवाड़ा हाईवे पर पहुंच गए। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद उनकी कार मिनी ट्रक से टकरा गई। हादसे में झालावाड़ निवासी राधेश्याम पुत्र हीरालाल राठौड़, कमल किशोर पुत्र लक्ष्मीनारायण अग्रवाल और छिपा बड़ौद क्षेत्र के गुलखेड़ी निवासी हेमराज पुत्र जगदीशचंद की मौत हो गई।
एसीआर भरवाने आए थे अधिकारी
जानकारी के अनुसार राधेश्याम झालरा पाटन पंचायत समिति में बीडीओ के पद पर कार्यरत थे, जबकि कमल किशोर सेवानिवृत्त बीडीओ थे। दोनों अपनी एसीआर भरवाने के लिए सराड़ा पंचायत समिति आए थे। काम पूरा होने के बाद वे शाम करीब छह बजे झालावाड़ लौटने के लिए रवाना हुए।
ये भी पढ़ें: Pali News: तालाब किनारे मिला 12 साल के मासूम का शव, हाथ-पैर बंधे थे; गला रेतकर हत्या से सनसनी
बताया जा रहा है कि वापसी के दौरान हेमराज भी उनके साथ कार में बैठ गया था। रास्ते में कुछ देर उदयपुर रुकने के कारण वे देर रात हाईवे पर पहुंचे और इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे में राधेश्याम और कमल किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हेमराज को उदयपुर के एमबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। शुरुआत में परिवार वालों को यह जानकारी थी कि कार में केवल दो लोग सवार थे। ऐसे में तीसरे मृतक की पहचान को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही।
तीसरे मृतक की पहचान में रातभर जुटी रही पुलिस
सुखेर थाना पुलिस रातभर तीसरे मृतक की पहचान करने में जुटी रही लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह सराड़ा पंचायत समिति में हादसे की सूचना पहुंचने पर पता चला कि हेमराज भी उनके साथ झालावाड़ जाने वाला था। इसके बाद पुलिस ने हेमराज के परिजनों से संपर्क किया। शुक्रवार शाम परिवारजन उदयपुर के एमबी अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने तीनों शव परिजनों को सौंप दिए।हादसे की खबर मिलते ही झालावाड़ और बारां जिले में शोक की लहर दौड़ गई। पंचायत समिति और प्रशासनिक हलकों में भी घटना को लेकर गहरा दुख जताया जा रहा है।