हनुमानगढ़ में साधु चेतनदास की गला रेतकर हत्या।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में एक साधु चेतनदास की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार को साधु का शव उनकी कुटिया के बाहर पड़ा हुआ मिला। उनके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान मिले हैं। नाक और मुंह से खून भी निकल रहा था। आशंका है कि किसी ने धारदार हथियार से वार कर साधु की हत्या की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि प्रदेश में एक महीने के अंदर साधु की यह चौथी मौत है। इससे पहले भरतपुर और जालोर में तीन साधु आत्महत्या कर चुके हैं। भरतपुर में कंकालचल और आदिबद्री पर्वत बचाने के लिए प्रदर्शन कर रहे साधु विजय दास बाबा ने खुद को आग लगा ली थी। कुछ दिन बाद इलाज के दौरान दिल्ली में उनकी मौत हो गई थी।
वहीं, जिले के एक मंदिर के बाहर करीब 15 दिन पहले एक साधु का शव लटका हुआ मिला था। नेत्रहीन साधु 20 साल से मंदिर में रह रहे थे। इसके अलावा जालोर के रानीवाड़ा में एक साधु ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। आत्महत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई थी। स्थानीय लोगों ने भाजपा विधायक पूराराम चौधरी पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन उन्होंने इस सभी आरोपों से इनकार कर दिया था।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार साधु चेतनदास 25 साल से भाखरावाली गांव में बनी अपनी कुटिया में रह रहे थे। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने साधु चेतनदास का शव उनकी कुटिया के बाहर पड़ा हुआ देखा। आसपास खून भी बिखरा हुआ था। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। संगरिया डीएसपी प्रतीक मील और संगरिया थाना अधिकारी हनुमानाराम बिश्नोई मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की है।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि साधु चेतनदास पंजाब के रहने वाले थे। गांव के लोग ही रोजाना उनके खाने की व्यवस्था करते थे। उनका किसी से कोई विवाद भी नहीं था। साधु की हत्या के बाद से गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से साधु चेतनदास के हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। मोर्चरी में रखवाया है।
मृतक साधु के दोहिते रवि शंकर शर्मा ने नाना की हत्या का केस संगरिया पुलिस थाने में दर्ज करवाया है। अपनी रिपोर्ट में रवि ने पुलिस को बताया कि मेरे नाना चेतनदास पिछले 25-30 साल से भाखरावाली गांव में रह रहे थे। वह यहां पूजा पाठ कर लोगों की सेवा करते थे और संगतमय जीवन जीते थे। मंगलवार रात को किसी ने धारदार हथियार से गला रेत कर उनकी हत्या कर दी। रवि ने पुलिस को बताया कि उसने नाना चेतनदास ने उससे कहा था कि गांव के कुछ लोग उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।