राजस्थान में रीट परीक्षा आज से शुरू हो रही है। 23 और 24 जुलाई को दो पारियों में होने वाली परीक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर हैं। परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने सख्त व्यवस्था की है। परीक्षा के लिए जिलों में पुलिस बल के अलावा अतिरिक्त रिजर्व जाब्ता भी तैनात किया गया है।
अतिरिक्त महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था (डीजी) हवा सिंह घुमरिया ने बताया कि रीट परीक्षा के लिए पुलिस ने दो लेवल पर व्यवस्था की है। पहली यातायात के सुगम संचालन के लिए ओर दूसरी सेंटर्स की सुरक्षा के लिए। उन्होंने बताया कि यातायात की सुगमता के लिए बनाई गई व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि सभी जगह पर पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा भी चाक-चौबंद की गई है। जिलों में उपलब्ध पुलिस बल के अलावा रिजर्व में उपलब्ध पुलिस बल को भी तैनात किया गया है।
डीजी ने बताया, जिला पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर ने बैठक कर परीक्षा के सफल आयोजन के लिए उसी तरीके से प्लान बनाया है जैसे चुनाव में बनाया जाता है। मोबाइल पार्टियों का गठन कर परीक्षा केंद्रों पर 2-3 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।
हवा सिंह घुमरिया ने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। पूरी सरकारी मशीनरी इस परीक्षा के सफल आयोजन के लिए कटिबद्ध है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई आशंका अभी तक नहीं है। कोई भी व्यक्ति किसी के बहकावे में आकर कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास न करें, न ही कानून को अपने हाथ में लेने का प्रयास करे। ऐसा किया गया तो पुलिस उस पर सख्त कार्रवाई करेगी।