सार
झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। उच्चकाहा गांव में रविवार सुबह बड़े भाई ने कथित तौर पर फरसा से हमला कर छोटे भाई की हत्या कर दी। मृतक की पहचान 50 वर्षीय काजरु महतो और आरोपी की पहचान 55 वर्षीय लखन महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया है।
जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत करमा दक्षिणी पंचायत के उच्चकाहा गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की फरसा से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद कुजू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए फरसा को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय काजरु महतो के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बड़े भाई का नाम 55 वर्षीय लखन महतो बताया गया है। बचपन के साथी और सुख-दुख के सहारा रहे सगे भाइयों के बीच हुई इस खूनी वारदात से पूरे गांव में मातम और सनसनी का माहौल है।
सुबह सात बजे हुआ हिंसक विवाद
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब सात बजे किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई लखन महतो ने फरसा से अपने छोटे भाई काजरु महतो पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में काजरु महतो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की भयावहता से परिजन और आसपास के लोग पूरी तरह स्तब्ध रह गए। घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटने लगी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कुजू पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लखन महतो को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल किए गए फरसा को भी जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति शांत कराई। उधर, घर में पसरे मातम के बीच परिजनों के विलाप से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
जमीन व नौकरी को लेकर था विवाद
चर्चा है कि दोनों भाइयों के बीच जमीन विवाद के अलावा नौकरी के मामले में कथित हस्तक्षेप को लेकर भी लंबे समय से तनाव चल रहा था। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। ग्रामीणों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। जमीन विवाद को लेकर सगे भाइयों के बीच हुई इस हिंसक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।