विवाहिता की मौत पर बवाल, धरने पर बैठे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
जिले के केलवा कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। केलवा निवासी मीना तेली (27) की 1 अप्रैल को गुजरात के वेलुक कस्बे में मौत हो गई थी, जिसे ससुराल पक्ष ने आत्महत्या बताया था।
गुरुवार को जब विवाहिता का शव केलवा लाया गया और मोक्षधाम में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, तभी परिजनों ने शव पर चोट के निशान देखे। परिजनों के अनुसार मृतका के सिर पर चोट के निशान थे और उसके गले पर फांसी के स्पष्ट निशान भी नहीं मिले, जिससे उनकी शंका और गहरा गई।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: दिल्ली जा रही स्लीपर बस में अचानक भड़की आग, बाल-बाल बची 30 से अधिक यात्रियों की जान
इससे आक्रोशित परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया और बिना दाह संस्कार के ही वापस लौट गए। मृतका के भाई विकास तेली ने बताया कि मीना 30 मार्च को सूरत स्थित ससुराल गई थी लेकिन उसे लेने कोई नहीं पहुंचा। 1 अप्रैल को ससुर ने फोन करके आत्महत्या की सूचना दी।
परिजनों ने पति हिरेन तेली और ससुर पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है। इसके बाद परिजन और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरना प्रदर्शन कर मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
बता दें कि मीना की शादी फरवरी 2023 में हुई थी और उसकी ढाई साल की एक बेटी भी है। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर मौत के कारणों का खुलासा करने की मांग की है।