आबादी क्षेत्र में नजर आए पैंथर
- फोटो : अमर उजाला
जिले में भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। केलवा क्षेत्र में कुंवारिया और पोदावली के बीच रविवार रात उस समय दहशत फैल गई, जब एक साथ तीन पैंथर सड़क पर घूमते नजर आए। घटना का वीडियो राहगीरों ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि रात के समय सड़क से गुजर रहे लोगों ने पैंथरों की चहलकदमी देखी और उनका वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों और वाहन चालकों में भय का माहौल है।
ये भी पढ़ें: Jodhpur: जोधपुर में पुलिस चौकी के बाहर से गायब हुआ जब्त डंपर, खाली होकर लौटा वापस! चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के कारण जंगलों और पहाड़ी इलाकों में पानी के स्रोत सूखने लगे हैं। इसी वजह से पैंथर अब आबादी वाले क्षेत्रों और सड़कों की ओर रुख कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से इलाके में पैंथरों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे खासकर रात में दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। फिलहाल तीन पैंथरों के एक साथ सड़क पर दिखाई देने का वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।