धौलपुर कोतवाली थाना पुलिस ने टीबी अस्पताल में हुई करीब 10 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के लिए 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। घटना में इस्तेमाल तीन पहिया साइकिल रिक्शा पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस टीम अब फरार तीसरे आरोपी की तलाश और चोरी गई एक्सरे मशीन सहित अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
जिला क्षय अधिकारी गोविंद सिंह ने टीबी अस्पताल में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि छह अक्तूबर की रात चोरों ने अस्पताल के एक कमरे का ताला तोड़कर एक्सरे मशीन और करीब 10 लाख रुपये का सामान चुरा लिया। कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने इस मामले की जांच टाउन चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह को सौंपी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह की टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के इलाकों में लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल की। गहन जांच के दौरान एक फुटेज में तीन चोर चोरी का सामान तीन पहिया साइकिल रिक्शा पर रखकर तिरपाल से ढके हुए ले जाते दिखे। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू कर दी।
पढ़ें: कांग्रेस में टिकट वितरण पर घमासान, सीताराम लांबा बोले- संगठन-कार्यकर्ताओं के दफ्तरों पर ताले लगा दो
तीसरे आरोपी की तलाश
पुलिस टीम ने लगातार दो दिनों तक सघन अभियान चलाकर सैंपऊ क्षेत्र से दो आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान राजघाट निवासी 23 वर्षीय रामू निषाद पुत्र नथी और 19 वर्षीय महेश उर्फ सूखा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में प्रयुक्त तीन पहिया साइकिल रिक्शा भी बरामद कर लिया है। पुलिस दल अब फरार तीसरे आरोपी का पता लगाने और चोरी हुआ सामान बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी कर रहा है।