जैसलमेर के सरहदी इलाके से सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने दो संदिग्ध नागरिकों को पकड़ा। पकड़े गए दोनों संदिग्ध प्रतिबंधित इलाके में घूम रहे थे। ग्रामीणों ने सीमा सुरक्षा बल को इसकी जानकारी देकर मौके पर बुलाया। आवश्यक पूछताछ के बाद BSF ने संदिग्धों को सम थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जहां संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से अब दोनों को संयुक्त जांच कमेटी के सुपुर्द किया जाएगा।
राजस्थान के जैसलमेर जिले के सरहदी इलाके में बिना अनुमति के घूम रहे दो संदिग्धों सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों संदिग्ध बिना परमिशन रोजाणियों की बस्ती में घूम रहे थे। ग्रामीणों ने सीमा सुरक्षा बल को इसकी जानकारी देकर मौके पर बुलाया। 108 बीएन बटालियन के जवानों ने संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ के बाद सम थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन
सम थाना प्रभारी ऊर्जा राम ने बताया कि प्रतिबंधित इलाके में पकड़े गए दोनों नागरिक सरहदी इलाके में आने का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसलिए अब दोनों को संयुक्त जांच कमेटी के सुपुर्द किया जाएगा जहां सभी सुरक्षा एजेंसियां उनसे कड़ाई से पूछताछ करके प्रतिबंधित इलाके में आने का कारण पता करेगी।
ऊर्जा राम ने बताया कि 108 बीएन बटालियन BSF के कंपनी कमांडर ने बताया कि मंगलवार देर शाम सीमा क्षेत्र में गांव रोजाणियों की बस्ती में दो संदिग्ध व्यक्ति देखे गए। बीएसएफ की फील्ड टीम को सूचना मिलने पर कंपनी कमांडर अपने पांच जवानों के साथ रोजाणियों की बस्ती पहुंचे, जहां दो व्यक्ति जम्मू कश्मीर के मोहम्मद रियाज (43) निवासी पून्छ जम्मू और मकसूद अहमद (40) निवासी जिला पून्छ जम्मू मिले। दोनों व्यक्ति सीमा क्षेत्र के गांव में मौजदूगी का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसलिए अब दोनों को संयुक्त जांच कमेटी के सुपुर्द किया जाएगा।