कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा।
- फोटो : Social Media
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बुधवार को नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौर पर जमकर हमला बोला। डोटासरा ने कहा कि राठौर के गुंडे जनता को परेशान कर रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। राठौर के अलावा डोटासरा के निशाने पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी रहे। डोटासरा ने कहा कि संजीवनी घोटाले में जांच एजेंसी ने शेखावत को दोषी माना है, वो भी जेल जाएंगे। हमारी सरकार में कोई भी दोषी हो उसे बक्शा नहीं जाएगा।
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए 24 तारीख से महंगाई राहत कैंप की शुरुआत की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कैंप के बारे में जानकारी दी जाएगी, जिससे वे ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच जाकर कैंप की जानकारी दे सकें।
डोटासरा ने ने कहा कि भाजपा की जन आक्रोश रैली में भीड़ नहीं दिख रही है। भाजपा नेता पुलिस से कहते हैं कि हमारे ऊपर वाटर कैनन चलवा दो, ताकि इज्जत बनी रहे। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राठौड़ के पीए का बेटा पुलिस के साथ बदतमीजी करता है। राजेंद्र राठौड़ कहते हैं चूरु नाथी का भाड़ा नहीं है, नाथी का बाड़ा तो पवित्र जगह है, राठौड़ जब से नेता प्रतिपक्ष बने हैं अपने आप को बड़ा समझ रहे हैं, लेकिन इस पद को राजनीति में बुढ़ापे में शादी कहा जाता है।
डोटासरा ने कहा कि राजेंद्र राठौड़ हमेशा मेरे ऊपर बयान देते रहते हैं कि मेरे परिवार में कई आरएएस बन गए। मैं उन्हें बता दूं कि परिवार ने हमें आरएएस बनने के संस्कार दिए हैं, लेकिन राजेंद्र राठौड़ ने ठेकेदार और गुंडे बनने के संस्कार दिए हैं। डोटासरा ने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं को खत्म कर रही है।