वसुंधरा राजे, मुख्यमंत्री, राजस्थान (फाइल फोटो)
राजस्थान में भाजपा की वापसी होने पर अनैतिक कामों के लिए 'गोरखधंधा' शब्द का इस्तेमाल महंगा पड़ सकता है। 52 पन्नों के अपने घोषणा पत्र- गौरव संकल्प पत्र में पार्टी ने 49वें पन्ने पर इसका वादा किया है।
पार्टी ने घोषणापत्र में कही कानून बनाने की बात
भाजपा ने 49वें पेज के पहले वादे में लिखा है कि- 'अनैतिक/ बुरे/ गलत कार्यों के लिए
गोरखधंधा शब्द को प्रतिबंधित कर दंडित किये जाने का कानून बनाया जायेगा।'
घोषणापत्र कमिटी के सदस्य ओंकार सिंह लखावत ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि गोरखनाथ एक महान संत थे, अनैतिक चीजों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला गोरखधंधा शब्द उनके अनुयायियों की भावनाओं को आहत कर सकता है। इसलिए भाजपा सत्ता में वापसी पर इस शब्द पर प्रतिबंध लगाने के लिए कानून बनाएगी ।
पाठ्यक्रम में शामिल होंगे गुरु गोरखनाथ
पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में गुरु गोरखनाथ के बारे में राजस्थान राज्य पुस्तक मंडल की पुस्तकों में शामिल करने और योग के योगदान के बारे में बताने की बात कही है। इसके अलावा पार्टी ने नाथ सम्प्रदाय के मठों के मरम्मत, आसनों के उद्धार और गुरु गोरखनाथ के पुराने योग और तंत्र के अधिष्ठाता की साहित्यिक ग्रंथों के लिए लाइब्रेरी बनाने का वादा किया है। भाजपा ने गुरू गोरखनाथ का राष्ट्रीय स्मारक बनाने का भी एलान किया है।