राजस्थान के भरतपुर में रविवार को एक ट्रैक्टर के तालाब में गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण नहीं रख सका जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
थानाधिकारी विनोद सवारिया ने बताया कि बगीची गांव निवासी आसीन मेव ट्रैक्टर में अपने दो पोतो और एक पोती के साथ खेत से लौट रहे थे अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक तालाब में पलट गया जिससे दादा और तीनों मासूमों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान आसीन मेव (65) शाहिद मेव (12), वहीद मेव (8) और रफी मेव (7) के रूप में की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गए हैं। फिलहाल इस संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। ट्रैक्टर के साथ खेत जोतने का कृषि यंत्र जुड़ा हुआ था।