पश्चिमी राजस्थान में वायुसेना का एक लड़ाकू विमान मिग-21 बाइसन लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट की मौत हो गई है।
यह हादसा उत्तरलाई एयरबेस पर हुआ। दुर्घटना के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है।
सेना के प्रवक्ता एसडी गोस्वामी ने बताया कि दुर्घटना सोमवार सुबह 9.30 बजे हुई। दुर्घटना के समय विमान अपनी
रूटीन उड़ान पर था।
प्रवक्ता के अनुसार घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ एनक्वायरी का गठन कर दिया गया है।
हादसे में किसी और व्यक्ति या सामान को नुकसान नहीं पहुंचा है।
पिछले महीने भी हुई दुर्घटना
इससे पहले पिछले महीने भी एक मिग-21 विमान उत्तरलाई एयरबेस पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था लेकिन तब पायलट विमान से सुरक्षित बाहर आने में कामयाब हुए थे।
वायुसेना ने पिछले 40 सालों में 900 मिग-21एस विमान अपने बेड़े में शामिल किए हैं, जिनमें से आधे दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। इस साल में यह वायुसेना का पांचवा लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।