जानकारी के अनुसार हर वर्ष हरियाली अमावस्या के पर्व को हर्षोल्लास से मनाया जाता है। इस वर्ष हरियाली अमावस्या रविवार को है। ऐसे में हरियाली के बीच भारी भीड़ उमड़ेगी। विश्व विख्यात चित्तौड़ दुर्ग पर करीब एक लाख पर्यटकों के आने की संभावना है। वहीं जिले के प्रख्यात कृष्णधाम श्री सांवलियाजी में दो लाख तक श्रद्धालु आएंगे। ऐसे में दोनों ही स्थानों पर व्यवस्थाएं चाक चौबंद की है। सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान किया है। पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया है।
दुर्ग पर वाहनों के प्रवेश पाबंदी
चित्तौड़ दुर्ग पर रविवार को पर्यटकों के काफी संख्या में आने की संभावना एवं पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। सभी प्रकार के वाहनों का दुर्ग पर प्रवेश पूर्ण निषेध रहेगा। वाहनों की पार्किंग के लिए शहर में विशेष स्थान चिन्हित किये गए है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले में प्रचुर मात्रा में पर्यटन स्थल होने व पर्यटन की श्रेणी में अग्रणी जिला होने की वजह से रविवार को हरियाली अमावस्या पर जिले के पर्यटन स्थलों पर लोगों की भीड़ अधिक रहेगी। चित्तौड़ दुर्ग विश्व प्रसिद्ध होने से यहां पर्यटक भारी संख्या में वाहन के साथ आएंगे।
उनके वाहनों से यातायात व कानून व्यवस्था सुचारू रखने एवं पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए यातायात के पुख्ता प्रबंध कर दुर्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंध किया है। वृत्ताधिकारी चित्तौड़गढ़ तेजकुमार पाठक ने बताया कि सभी वाहन पाडनपोल से आगे नहीं जाएंगे। यहां सुबह 7 से रात्रि 10 बजे तक पाडनपोल से दुर्ग पर जाने वाले समस्त प्रकार के वाहनो का आवागमन पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
पार्किंग की यह रहेगी व्यवस्था
दुर्ग पर आने वाले पर्यटकों के लिए कलेक्ट्रेट चौराया व बेगूं की तरफ से आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था ईदगाह के पीछे द्वारिका धाम में रहेगी। गांधीनगर व पन्नाधाय बस स्टैंड की तरफ आने वाले वाहन चालक आने वाहनों को सुविधानुसार पद्मिनी मॉल के पीछे खनिज विभाग की रोड की साइड में व आकाशवाणी गांधीनगर वाली रोड पर एक साइड में पार्किंग करेंगे। भारी वाहनों का शहर में प्रवेश निषेध रहेगा। दुर्ग के निवासियों को भी निर्देश दिए हैं कि दुपहिया, तिपहिया व चौपहिया वाहन दुर्ग पर नहीं आ जा सकेंगें। वे भी अपना आवश्यक कार्य 7 बजे पूर्व पूरा करें।
सांवलियाजी में श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की अलग व्यवस्था
सांवलिया सेठ के दर्शन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दर्शन प्रवेश मार्ग यथावत् रखा गया है। दर्शन प्रवेश मार्ग में भी कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। श्रद्धालु दर्शनार्थियों की आवागमन सुविधा व मन्दिर व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए अलग-अलग वाहन पार्किंग निर्धारित की है।
इसमें भादसोडा चौराहा फोरलेन से आने वाले वाहनों के लिए रेफरल चिकित्सालय के पास बाईपास पार्किंग, बानसेन व भदेसर मार्ग के वाहनों के लिए कुरेठा बाईपास पेट्रोल पम्प के पास पार्किंग, निम्बाहेडा मार्ग की ओर से आने वाले वाहनों के लिए गोशाला रोड के पास व गोकुल विश्रान्ति गृह के सामने एवं आवरीमाताजी मार्ग की ओर से आने वाले वाहनों के लिए गोकुल विश्रान्ति गृह के सामने स्थित पार्किंग निर्धारित रखी गई है।
महकेगी रबड़ी के मालपुओ की महक
जानकारी में सामने आया कि हरियाली अमावस्या मेवाड़ का प्रमुख त्यौहार है। इस दिन घरों में पकवान बना कर हरियाली के बीच जाकर पिकनिक मनाते हैं। इस दिन मालपुए, घेवर, पकोड़े आदि बनते है। शहर के बाजारों में दो दिन पहले ही रबड़ी के मालपूए बनाने का कार्य शुरू हो चुका है। इसकी शहर एवं गांवों में काफी मांग रहती है।