धौलपुर में पार्वती नदी उफान पर
- फोटो : अमर उजाला
जिले में कुछ दिन से हो रही तेज बारिश के कारण कई बांध, जलाशय, नदियां, नाले और तालाब भर चुके हैं। पार्वती डैम के चार गेट खोले जाने के बाद पार्वती नदी का पानी सैंपऊ, कौलारी, मनियां और राजाखेड़ा इलाकों में लगातार बढ़ रहा है। जिले की कई रपटों और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर धौलपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। धौलपुर पुलिस की टीमें थाना क्षेत्रों में नदी, रपट, पुलिया, बांध, जलाशय और पानी से भरी संवेदनशील जगहों पर लगातार चौकसी रख रही हैं। जहां पानी का बहाव तेज है या आवाजाही जोखिमभरी है, वहां पुलिसकर्मी आमजन को सुरक्षित मार्ग अपनाने की सलाह दे रहे हैं। पुलिस उन जगहों पर विशेष ध्यान दे रही है, जहां जलभराव के कारण रास्ते बंद होने की संभावना है। प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ मिलकर सुरक्षा तथा यातायात के इंतजाम किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: जयपुर: सचिन पायलट ने 49वें जन्मदिन पर याद किया टेरिटोरियल आर्मी का सफर, 124 सिख रेजिमेंट पर जताया गर्व
सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
धौलपुर पुलिस ने जिले के निवासियों से भारी बारिश और नदियों में बढ़े पानी के बहाव को देखते हुए पूरी सावधानी बरतने का आग्रह किया है। पुलिस ने लोगों को जलभराव वाली रपट, पुलिया या उफनती नदी को पार न करने की हिदायत दी है। तेज बहाव वाले स्थानों पर पैदल, बाइक या कोई भी वाहन ले जाने से पूरी तरह बचें। बच्चों और बुजुर्गों को नदी, बांध, रपट तथा पानी भरे क्षेत्रों से दूर रखें।
पुलिस अधिकारियों ने जलभराव वाले स्थानों में बिजली के खंभों, तारों और विद्युत उपकरणों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और केवल सरकारी या पुलिस द्वारा जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।