नागौर के खरनाल स्थित नीलकंठ होटल के संचालक रामदास की देशी कट्टे से चली गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिपाल गोदारा को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।
नागौर जिले के खरनाल गांव के पास स्थित नीलकंठ होटल के संचालक की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी महिपाल बिश्नोई होटल पर देशी कट्टा दिखा रहा था। इसी दौरान अचानक फायर हो गया और गोली होटल संचालक रामदास उर्फ रामकुमार के सीने में जा लगी।
विज्ञापन
हंसी-मजाक के दौरान दब गया ट्रिगर
सदर थाने में होटल कर्मचारी रणजीत कुमार ने 7 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार महिपाल होटल पर खाना खाने के बाद चाय बनवा रहा था। इस दौरान उसकी होटल संचालक रामदास से हंसी-मजाक चल रही थी। महिपाल अपना देशी कट्टा दिखा रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली लगते ही रामदास जमीन पर गिर पड़ा। उसे इलाज के लिए जोधपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में रामदास की मौत हो गई।
तकनीकी जांच के बाद आरोपी दबोचा
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सीसीटीवी फुटेज और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर रूट चार्ट तैयार किया। इसके बाद आरोपी महिपाल गोदारा को नागौर शहर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी जोधपुर जिले के नांदिया प्रभावती गांव (गोदारों का बास) का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। सदर थानाधिकारी किताब चौधरी और डीएसटी प्रभारी सुरेश कस्वा की टीम आरोपी से पूछताछ कर घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।