शिक्षा विभाग के साइन किया एमओयू।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान सरकार शिक्षा को आसान और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अब राजकीय विद्यालयों को ऑनलाइन एजुकेशन से जोड़ने की दिशा में शिक्षा विभाग और फिलो एडटेक प्राइवेट लिमिटेड (Filo Edtech Pvt Ltd) के बीच एक एमओयू (MOU) पर हस्ताक्षर किये गए। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के कार्यालय में शनिवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला की अध्यक्षता में एमओयू पर हस्ताक्षर हुए।
शिक्षा विभाग के अनुसार इस एमओयू के तहत राजस्थान के पांच जिलों अलवर, अजमेर, जयपुर, कोटा और उदयपुर के कक्षा 9 से 12 तक के 10 हजार विद्यार्थियों को एक साल के लिए डिजिटल लर्निग प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाया जाएगा। फिलो लर्निंग ऐप (FILO LEARNING APP) के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षकों से जोड़ा जाएगा। एप के जरिए विद्यार्थी एक साल तक कभी भी शिक्षकों से अपनी समस्या का सामधान पूंछ सकते हैं। यह ऐप विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में भी मदद करेगा।