अजमेर जिले के पुष्कर में एक प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर जान दे दी। दोनों शहर के सरकारी अस्पताल के बाहर बेहोशी की हालत में मिले थे। गंभीर हालात के कारण उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुष्कर थाने के एएसआई तेजाराम ने बताया कि शुक्रवार देर शाम पुष्कर के सरकारी अस्पताल के बाहर एक किशोर और युवती बेहोशी की हालत में मिले थे। लोगों ने दोनों को सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया, जहां से उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल में रेफर कर दिया गया। साथ ही उनके परिजनों को भी सूचना दी गई थी। उपचार के दौरान शनिवार को दोनों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में दोनों पोस्टमार्टम कराया गया शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय मृतका प्रतापगढ़ की रहने वाली है। दिसंबर 2021 में उसका विवाह निनोर के अंकित से हुआ था। वहीं मृतक नाबालिग है। मृतका के परिचित हरिराम मीणा ने बताया कि 9 जुलाई को युवती अपने पति के साथ प्रतापगढ़ घूमने आई थी। इस दौरान वह लापता हो गई थी। शुक्रवार शाम को युवती ने परिजनों को फोन कर बताया कि वह पति को छोड़ कर प्रेमी के साथ आ गई है और दोनों ने सल्फास खा लिया है। इसके बाद दोनों पुष्कर के सरकारी अस्पताल के बाहर बेहोश की हालत में मिले थे।