संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत के बाद अस्पताल पहुंचे परिजन
- फोटो : Amar Ujala
शाहपुरा कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मानसिक उत्पीड़न और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी रिया चौधरी ने बताया कि सेवली सुखपुरा थाना खंडेला निवासी महेंद्र सैनी ने अपनी बहन सरोज की मौत को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार सरोज की शादी वर्ष 2011 में शाहपुरा देवन रोड निवासी मनोज सैनी के साथ हुई थी। शादी के बाद से वह ससुराल में रह रही थी और उसके तीन बच्चे हैं।
दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही सरोज को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जाने लगा। शिकायत में पति मनोज सैनी, जेठ श्यामसुंदर, ओमप्रकाश, जेठानी गीता देवी, आशा और सास कौशल्या देवी पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।
परिजनों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से सरोज लगातार तनाव में रह रही थी। छोटी-छोटी बातों पर विवाद किया जाता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार और रिश्तेदारों ने कई बार समझौते की कोशिश भी की, लेकिन स्थिति नहीं बदली।
ये भी पढ़ें-
वेब सीरीज देखकर महिला और मासूम को बनाया बंधक, छह राज्यों में तलाश के बाद ‘अपना’ ही निकला लुटेरा
शव पर चोट के निशान मिलने का दावा
महेंद्र सैनी ने बताया कि गुरुवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि उसकी बहन की मौत हो गई है और शव शाहपुरा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने शव पर चोट जैसे निशान देखने का दावा किया, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई गई।
मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।