पुलिस ने रहस्यमयी तिजोरी को किया सील
- फोटो : अमर उजाला
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम हसामपुर में 125 साल पुरानी हवेली से एक रहस्यमयी तिजोरी मिलने पर हड़कंप मच गया। होली चौक पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों को जमीन के नीचे से पुरानी लोहे की तिजोरी मिली। तिजोरी के बाहर आते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और लोगों ने अनुमान लगाना शुरू कर दिया कि इसमें कोई पुराना खजाना या मूल्यवान वस्तु हो सकती है।
हवेली का इतिहास और वर्तमान मालिक
सूत्रों के अनुसार, यह पुरानी हवेली कभी मुसद्दीलाल तिवाड़ी की थी, जिनका परिवार अब गांव छोड़कर उड़ीसा और दिल्ली में बस चुका है। बाद में यह हवेली गांव के ही शक्ति सिंह ने खरीदी, जिन्होंने बाद में इसे गोविंद शर्मा, जले सिंह जाटवास और धर्मपाल सैनी को बेच दिया। इन्हीं के करवाए जा रहे निर्माण के दौरान यह तिजोरी मिली, जिससे गांव में उत्सुकता और बढ़ गई।
भीड़ के बीच पुलिस ने तिजोरी को सील किया
तिजोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। भीड़ बढ़ने पर पाटन पुलिस तुरंत पहुंची और बिना किसी जोखिम के तिजोरी को कब्जे में लेकर सील कर दिया। इसके बाद तिजोरी को सुरक्षित रूप से पाटन थाने ले जाया गया, जहां इसे पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
यह भी पढ़ें- रेलवे ट्रैक पर मिला था मनीषा का नोचा हुआ शव: परिजन अस्पताल में दे रहे धरना, अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का आरोप
सामग्री का खुलासा सभी पक्षों की मौजूदगी में होगा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तिजोरी को खोलने की प्रक्रिया हवेली के वर्तमान मालिकों और तिवाड़ी परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में ही की जाएगी। तिजोरी खोले जाने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि इसमें क्या सामग्री मौजूद है।
गांव में चर्चाओं का दौर, लोग कर रहे इंतजार
रहस्यमयी तिजोरी को लेकर हसामपुर में चर्चाओं का दौर लगातार जारी है। ग्रामीण यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर तिजोरी में वर्षों से बंद क्या छिपा है। तिजोरी खुलने को लेकर लोगों में उत्साह और रोमांच दोनों बना हुआ है।