कोटपूतली-बहरोड़ जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरसौरा थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा 315 बोर तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, कोटपूतली-बहरोड़ जिले में अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान राजस्थान पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 फरवरी 2026 को हरसौरा थाना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि देवसन स्टैंड पर 3-4 युवक संदिग्ध स्थिति में खड़े हैं और उनके पास अवैध हथियार हो सकते हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस वाहन को आता देख संदिग्ध युवक वहां खड़ी एक स्कॉर्पियो गाड़ी के पास से भागकर सरसों के खेतों में छिपने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने संयम और रणनीति के साथ चारों ओर से घेराबंदी की और सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद गांव बाबरिया बांध के निकट दो युवकों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित जाट उर्फ गोलू (18) निवासी नांगल जमालपुर, थाना खोल, जिला रेवाड़ी (हरियाणा) तथा विकास गुर्जर (19) निवासी गुवाड़ा, थाना हरसौरा, जिला कोटपूतली-बहरोड़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान रोहित के कब्जे से एक देशी कट्टा 315 बोर बरामद किया गया। वहीं, मौके से स्कॉर्पियो वाहन (RJ32 UA 4173) को भी जब्त किया गया।
पढ़ें- होली से पहले सख्ती: गोल्डन ट्यूलिप होटल समेत 22 प्रतिष्ठानों के खाद्य नमूने फेल, 46 लाख का जुर्माना
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 9/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में हथियार की आपूर्ति और संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
हरसौरा थाना पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।