कोबरा का रेस्क्यू करते स्नैक कैचर
- फोटो : अमर उजाला
जिले की बानसूर तहसील के टोडिया का बास रोड स्थित एक खेत में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सिंचाई के लिए मोटर चालू करने पहुंचे एक किसान को स्टार्टर के पीछे खतरनाक काला कोबरा छिपा हुआ दिखाई दिया। किसान की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार किसान सुबह खेत में सिंचाई के लिए मोटर चालू करने पहुंचा था। जैसे ही वह मोटर के स्टार्टर के पास गया, उसकी नजर पीछे दुबके बैठे काले कोबरा पर पड़ गई। अचानक सांप को देखकर वह घबरा गया लेकिन उसने समझदारी दिखाते हुए उससे दूरी बना ली। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते खेत पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ये भी पढ़ें: Sri Ganganagar News: बड़ी वारदात से पहले पुलिस का एक्शन, मुठभेड़ में घायल हुआ गैंगस्टर; साजिश नाकाम
ग्रामीणों ने तत्काल स्नेक कैचर सुरेश को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। कोबरा स्टार्टर के पीछे छिपा हुआ था, जिससे उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। स्नेक कैचर ने आवश्यक उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुछ मिनट की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
स्नेक कैचर सुरेश ने बताया कि गर्मी और उमस के मौसम में सांप अक्सर ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में खेतों, मोटरों, मशीनों और घरों के आसपास पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे स्वयं पकड़ने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत विशेषज्ञों या वन विभाग को सूचना दें। रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।