पेयजल संकट से परेशान मासलपुर तहसील के पिपरानी गांव की जाटव बस्ती के लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर पेयजल समस्या समाधान की मांग की है।
पिपरानी गांव की जाटव बस्ती निवासी प्रीतम, सोनवीर ने बताया की लोगों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर बताया कि गांव की चरागाह भूमि में पेयजल आपूर्ति के लिए चार हैंडपंप लगे हुए हैं। हैंडपंपों पर गांव के दबंग लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। हैंडपंप में अपनी निजी विद्युत मोटर डालकर ग्रामीणों की पेयजल आपूर्ति को पूरी तरह से बंद कर दिया है।
हैंडपंप को दबंग लोग अपने निजी काम में ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि दबंग लोगों ने कब्जा कर बोर को पूरी तरह से क्षति ग्रस्त कर दिया है। बोर के पाइप मोटर केबल आदि को खोल कर ले गए। उन्होंने बताया कि इस भीषण गर्मी में जाटव बस्ती के लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं।
पिपरानी के ग्रामीणों ने दबंग लोगों पर सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण करने और जाटव बस्ती के लोगों का रास्ता बंद करने की भी शिकायत की है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से हैंडपंप से अवैध कब्जा और रास्ते पर हो रहे अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
इस दौरान बाबूलाल, किशन लाल, राजेश, शिवचरण, जय सिंह, देवीलाल, रामबाबू, फूल सिंह, सुरेश, विनोद, लवकुश, देवेंद्र, मूलचंद, बृजेंद्र सहित अन्य मौजूद रहे।