करौली का एकमात्र मोक्षधाम मासलपुर गेट बाहर स्थित है, जहां तक जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त है। ऐसे में मोक्षधाम तक जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर हिंडौन दरवाजा के पास स्थित पुराने कन्या महाविद्यालय की खाली इमारत भी जर्जर हो रही है। ऐसे में मुख्य मार्ग पर जर्जर इमारत के गिरने की संभावना बनी रहती है, जिससे लोगों में भय बना हुआ है। इस संबंध में शहरवासियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तुरंत समाधान किए जाने की मांग की है।
शहरवासी वैभव पाल और धर्म मीणा ने बताया कि मोक्ष धाम तक जाने वाले मार्ग के नवीनीकरण और जर्जर इमारत के सुधार की बहुत जरूरत है। उन्होंने कहा कि कॉलेज की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी इमारत भरभराकर गिर सकती है। पहले भी इस बारे में कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद आज कलेक्टर को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है।