फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान पंचायत चुनाव: पहले चरण के लिए आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, कल सुबह 7 बजे से मतदान

Wed, 21 Oct 2026 09:42 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मंगलवार को प्रचार थम गया। बुधवार को मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। बृहस्पतिवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 16 जिला परिषदों और 10 पंचायत समितियों के 2,392 वार्डों में मतदान होगा।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार को थम गया। अब 16 जिला परिषदों और 10 पंचायत समितियों के 2,392 वार्डों में मतदान कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। मतदानकर्मी अगले पांच दिन और रात गांवों में ही रहकर चुनाव की जिम्मेदारी संभालेंगे। बृहस्पतिवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर प्रत्याशियों की किस्मत तय करेंगे। मतगणना के बाद चुनाव परिणाम 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, मतदान केंद्रों पर तैयारियां पूरी

मतदान दलों के मतदान केंद्रों पर पहुंचते ही वहां चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर छाया और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। मतदान शुरू होने से पहले सभी उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की गहन जांच की जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके। वहीं, चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक अंतिम समय में मतदाताओं से संपर्क करने में जुटे हैं। समर्थक घर-घर जाकर पर्चियां बांट रहे हैं। इसके साथ ही स्थानीय प्रभावशाली लोगों को साथ लेकर मतदाताओं से अपने पक्ष में समर्थन मांग रहे हैं।

जयपुर जिले के 146 वार्डों में डाले जाएंगे वोट

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, पंचायत चुनाव के पहले चरण में जयपुर जिले की आठ पंचायत समितियों के कुल 146 वार्डों में मतदान होगा। इसके लिए जिले में 797 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 7,43,640 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जयपुर जिले में करीब साढ़े पांच हजार मतदानकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए साढ़े चार हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं। पहले चरण में अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, फलोदी, कोटा, नागौर, पाली, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिले शामिल हैं।

3,314 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच के चुनाव

पंचायती राज चुनाव के कार्यक्रम के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों की 3,314 ग्राम पंचायतों में वार्ड पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी की जाएगी। इसके बाद शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद वोटों की गिनती की जाएगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव जीतने वाले वार्ड पंच रविवार को बैठक करेंगे और उप सरपंच का चुनाव करेंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और मतदान से जुड़ी जरूरी सुविधाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें