कार में युवक का शव मिलने के बाद धरने पर बैठे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
जिले के धनूरी थाना क्षेत्र के चुड़ैला गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में कार से 24 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के विरोध में ग्रामीणों और परिजनों ने बीडीके अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया।
मृतक की पहचान चुड़ैला गांव निवासी चंदन पुत्र सतीश मेघवाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात गांव में खड़ी एक काले रंग की होंडा सिटी कार में चंदन का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शव संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसके बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतक के पिता सतीश मेघवाल ने आरोप लगाया कि बुधवार सुबह गांव का ही एक युवक रोनक, चंदन को अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गया था। इसके बाद चंदन घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: सावधान! कीड़ों वाले स्टार्च से बन रही थी मेयोनीज, जयपुर में फैक्ट्री पर बड़ा छापा
शाम करीब 7 बजे ग्रामीणों ने गांव के चौक में खड़ी एक कार में चंदन को अचेत अवस्था में देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां चंदन मृत मिला। घटना की जानकारी मिलते ही धनूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झुंझुनू के बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कार में छोड़ दिया गया। धरने पर बैठे लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को सरकारी आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।