पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।
झुंझुनू के उदयपुरवाटी क्षेत्र में एक डंपर चालक का अपहरण कर उसके साथ कुकर्म करने, कनपटी पर पिस्तौल तानकर नग्नावस्था में वीडियो बनाने और मारपीट कर 92 हजार रुपए छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने उदयपुरवाटी थाने में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
सीआई कस्तूर वर्मा ने बताया कि पीड़ित डंपर चालक ने रिपोर्ट दी कि 24 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे वह मंडावरा ताल स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के बाद एक होटल पर चाय पी रहा था। इस दौरान एक कार आकर रुकी, जिसमें लीलवा की ढाणी निवासी महेंद्र गुर्जर, कमलेश गुर्जर, निवास गुर्जर और भोपाल गुर्जर सवार थे।
आरोपियों ने जबरन उसे कार में डालकर अपहरण किया और रास्ते में मारपीट की। फिर बड़ाऊ-रसूलकर ले जाकर उसकी कनपटी पर पिस्तौल तानकर नग्नावस्था में वीडियो बना लिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ कुकर्म किया और 92 हजार नकद व गले से चांदी की चेन लूट ली। फिर उसका मोबाइल तोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी कमलेश गुर्जर, निवास गुर्जर और भोपाल गुर्जर को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य आरोपी महेंद्र गुर्जर अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।