अपराधियों के लॉरेंस गैंग से निकले लिंक
झुंझुनू के चिड़ावा कस्बे में एक पेड़ा व्यवसायी से एक करोड़ की फिरौती मांगने और दुकान पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वारदात में शामिल तीन कुख्यात बदमाशों को धरदबोचा है। इनमें से एक बदमाश को मप्र के सागर जिले में एक गांव से पकड़ा गया जबकि दो बदमाशों को जयपुर में गिरफ्तार किया गया। डीआईजी शरद चौधरी ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि चिड़ावा कस्बे में एक पेड़ा व्यापारी की दुकान पर फायरिंग की गई थी, साथ ही तीन बदमाशों के नाम लिखकर एक करोड़ की फिरौती मांगी गई थी।
इसके बाद पुलिस ने तीन नामजद बदमाशों के आधार पर जांच शुरू की तो तीनों ही पूर्व में जयपुर और झुंझुनू पुलिस के वांटेड निकले। इस मामले में पुलिस की लगभग नौ टीमें लगातार आरोपियों के पीछे लगी हुई थीं। पुलिस ने करीब छह हजार किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया, जिसके बाद मध्यप्रदेश के सागर जिले के एक गांव से चिड़ावा थाना इलाके के वांटेड बदमाश दीपेंद्र सिर्फ उर्फ दीपू को गिरफ्तार किया गया। वहीं बुहाना थाना इलाके के प्रदीप उर्फ पहलवान यादव और डीडवाना निवासी प्रतीक सिंह राठौड़ उर्फ राजशाह उर्फ प्रिंस राजपूत को जयपुर से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों एक फ्लैट में फरारी काट रहे थे।
लॉरेंस गैंग से निकले लिंक
पुलिस सूत्रों की मानें तो लॉरेंस विश्नोई के गुर्गे नितिन बॉक्सर से क्षत्रिय गैंग की जानकारी थी। इसके बाद बदमाशों ने रोहित गोदारा और अन्य गैंगेस्टरों से संपर्क कर उनके लिए भी काम करना शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस इन सब तथ्यों की पुष्टि में लगी हुई है। पकड़े गए तीन बदमाशों में से प्रिंस और दीपू चौराड़ी स्टेट टॉप टेन वांटेड बदमाशों की सूची में शामिल हैं। जिन पर पुलिस एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित करने वाली थी। वहीं तीनों का कनेक्शन महपालवास हत्याकांड से भी होना बताया जा रहा है, प्रिंस और दीपू जयपुर के करधनी थाना इलाके में हुए हत्याकांड में भी वांटेड हैं। बहरहाल पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर और पूछताछ भी करेगी।