शहर के गोलाई मोड़ स्थित आदर्श इंग्लिश एकेडमी स्कूल में संस्था प्रधान के पति ने छात्र को केवल इस कारण बेरहमी से पीटा क्योंकि उसने स्कूल में मारवाड़ी भाषा में बात की थी। पिटाई के कारण छात्र का अंगूठा फ्रैक्चर हो गया। बताया जा रहा है कि संस्था प्रधान पति ने मासूम को मुर्गा बनाकर चक्कर भी लगवाए गए।
परिजनों के अनुसार छात्र जब घर पहुंचा तो वह डरा-सहमा हुआ था। पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना बताई। उसके हाथ में सूजन थी, जिसके बाद परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और हंगामा किया। हालांकि बाद में संस्था प्रधान ने पूरे घटनाक्रम के लिए माफी मांग ली, जिसके चलते अब तक परिजनों की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है।
बच्चे के चाचा ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, जब उसके साथ ऐसी घटना हुई हो। पहले भी दो-तीन बार स्कूल में उसके साथ मारपीट की गई थी लेकिन इस बार उसके दाएं हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्चों के साथ इस तरह मारपीट किए जाने का यह तीसरा मामला है। हंगामे के समय स्कूल में मौजूद एक अन्य परिजन ने भी इसी तरह कि शिकायत की। इसके बाद संस्था प्रधान ने अपनी गलती मानते हुए मारपीट का आरोप अपने ऊपर ले लिया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।