बिजली विभाग की कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) दीपिका
- फोटो : अमर उजाला
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग की कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) दीपिका को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई चिड़ावा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में की गई। एसीबी की कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। टीम आरोपी जेईएन को पूछताछ के लिए चिड़ावा थाने ले गई, जहां उससे रिश्वत मांगने और लेने के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
कृषि कनेक्शन की लाइन बदलने के बदले मांगी थी रिश्वत
एसीबी के अनुसार, एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके परिचित के कृषि कनेक्शन की बिजली लाइन बदलने के बदले जेईएन दीपिका रिश्वत मांग रही हैं। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान जेईएन की ओर से रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की बात सामने आई। इसके बाद परिवादी की शिकायत के आधार पर 15 हजार रुपये में रिश्वत की रकम तय की गई। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई।
बिजली विभाग के कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई
सोमवार को एसीबी की टीम ने चिड़ावा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान जेईएन दीपिका को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया गया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। बताया गया कि रिश्वत की राशि जेईएन की ऑफिस टेबल की दराज से बरामद हुई। कार्रवाई के बाद एसीबी अधिकारियों ने आरोपी जेईएन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी जेईएन को पूछताछ के लिए चिड़ावा थाने ले जाया गया है। वहां उससे रिश्वत मांगने और लेने के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही एसीबी यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका थी या नहीं। एसीबी के एडिशनल एसपी नरेंद्र पूनिया ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कृषि कनेक्शन की बिजली लाइन बदलने के बदले जेईएन की ओर से रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। फिलहाल एसीबी पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।