झालावाड़ जिले के बरेड़ी की घाटी में बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक अकलेरा से अपना काम निपटाकर बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की अकलेरा अस्पताल में मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बुधवार सुबह तीनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। इनमें से एक का पोस्टमार्टम झालावाड़ और दो का अकलेरा में किया गया। अकलेरा पुलिस के एएसआई राजाराम नागर ने बताया कि घाटोली थाना क्षेत्र के उग्रपुरा गांव निवासी अमरलाल, बीरम और अनिल चौधरी किसी काम से बाइक पर अकलेरा आए थे। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे।
पढे़ं: दो लाख की रिश्वत मांगने वाला ईपीएफओ अधिकारी एसीबी के ट्रैप में, एक लाख रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
इसी दौरान बरेड़ी की घाटी में सामने से आ रही एक कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर तीनों को तत्काल अकलेरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बीरम और अनिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अमरलाल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।